Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विकासखंडों में कूड़ा उठान पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रतिदिन कूड़ा उठान में लगी गाड़ियों और कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कूड़े का पृथक्करण व्यवस्थित ढंग से किया जाए ताकि निस्तारण की प्रक्रिया प्रभावी तरीके से संचालित हो सके। उन्होंने जिला पंचायत के अंतर्गत विभिन्न विकासखंडों में संचालित कॉम्पैक्टर शेड की स्थिति उनकी कार्यक्षमता और कूड़ा निस्तारण की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विकासखंडों में स्थित कूड़ा पृथक्करण और निस्तारण संयंत्रों के विस्तारीकरण तथा उन्नयन से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई। चंबा के भाटूसैंण भिलंगना के मयकोट जाखणीधार के जलवागांव मल्ला प्रतापनगर के रमोल गांव नरेंद्रनगर के शिवपुरी तथा जौनपुर के रौंतू की बेली सहित अन्य स्थानों पर संचालित संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कूड़े का नियमित उठान उचित पृथक्करण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़ा संग्रहण से लेकर अंतिम निस्तारण तक सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए ताकि जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल एएमए जिला पंचायत गणेश भट्ट सहित अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *