प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग में युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने और नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में कोतवाली अगस्त्यमुनि के प्रभारी निरीक्षक गुमान सिंह के नेतृत्व में अनुसूया प्रसाद बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में महाविद्यालय के करीब 200 छात्र-छात्राओं और संबंधित स्टाफ को साइबर जागरूकता 2.0 अभियान के तहत साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। इस दौरान ऑनलाइन ठगी डिजिटल अरेस्ट फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया कि वे अपना ओटीपी यूपीआई पिन बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। पुलिस ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि सतर्कता बरतकर और व्यक्तिगत बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखकर साइबर ठगी के जोखिम को कम किया जा सकता है। सेमिनार के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के कानूनी और सामाजिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। नशे से जुड़े अपराधों और उनके कानूनी परिणामों की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने छात्र-छात्राओं से समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की। रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से युवाओं को साइबर अपराधों से बचाने नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से जागरूकता अभियान निरंतर जारी है।
