Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी नवरात्र और दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने लक्सर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के उपायुक्त गढ़वाल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में 13 अक्टूबर की मध्य रात्रि और 14 अक्टूबर 2026 की सुबह थाना कोतवाली लक्सर क्षेत्र के अंतर्गत संघीपुर गढ़ी स्थित पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 3 कुंतल तैयार पनीर और 6 कुंतल अर्धनिर्मित पनीर सहित लगभग 10 कुंतल खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए। कार्रवाई के बाद इकाई को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया गया और उसका खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। छापेमारी के दौरान निर्माण स्थल पर एल्यूमीनियम के बड़े टब और डीप फ्रीजर मिले। इसके अलावा बिक्री के लिए संग्रहित करीब 3 कुंतल तैयार पनीर बरामद हुआ। मौके पर लगभग 6 कुंतल सेमी प्रोसेस्ड पनीर का निर्माण किया जा रहा था। जांच के दौरान 15 किलोग्राम क्षमता वाले बेस्ट चॉइस रिफाइंड पामोलीन ऑयल के छह भरे हुए टिन मिले जिनमें कुल 90 किलोग्राम तेल था। इसके साथ ही 26 खाली टिन और 25 किलोग्राम क्षमता वाले स्किम्ड मिल्क पाउडर के 10 खाली बोरे भी पाए गए। निर्माण स्थल पर पामोलीन ऑयल के दो अन्य टिन भी मिले। जांच के दौरान मौके पर स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलीन ऑयल का इस्तेमाल कर पनीर का निर्माण किया जाना पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय ने 7 अगस्त 2026 को एनालॉग पनीर के निर्माण संग्रहण और विक्रय पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद संबंधित इकाई में इन सामग्रियों का इस्तेमाल कर पनीर बनाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने मौके पर गड्ढा खुदवाकर करीब 3 कुंतल तैयार पनीर 6 कुंतल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 90 किलोग्राम पामोलीन ऑयल नष्ट करा दिया। विभाग के अनुसार इस कार्रवाई में लगभग 10 कुंतल खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए। साथ ही पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया गया और इस संबंध में नोटिस चस्पा किया गया। इकाई का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है। पनीर निर्माण इकाई के संचालक ताजिम पुत्र फैयाज निवासी संघीपुर गढ़ी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौके से खुले पनीर और पनीर निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे पामोलीन ऑयल के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के उपायुक्त गढ़वाल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन योगेंद्र पांडेय तथा पवन कुमार शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के सहयोग से उपलब्ध कराए गए पुलिस बल और महिला कांस्टेबल ने भी सहयोग किया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *