Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी त्योहारों के दौरान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर रविवार 18 अक्टूबर 2026 को हरिद्वार में परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में जिले के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने सहित मोटर वाहन नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच में ओवरलोडिंग करते पाए गए चार वाहनों को सीज किया गया जिनमें एक ट्रैक्टर ट्रॉली भी शामिल है। इसके अलावा कुल 25 वाहनों के चालान किए गए। मीडिया के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं का संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग की टीम ने जमालपुर कलां क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे वाहनों की जांच की गई। ओवरलोडिंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ने और आमजन की सुरक्षा प्रभावित होने के मद्देनजर चार वाहनों को सीज किया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित भार क्षमता से अधिक माल लेकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान यात्री वाहनों की भी जांच की गई। परमिट की निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करते पाए जाने पर पांच बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। बस संचालकों को परमिट की सभी शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। विभाग ने वाहन संचालकों को चेताया कि यात्री वाहनों में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों और यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में मालवाहक वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक भार ले जाने यात्री वाहनों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने और सड़क सुरक्षा से जुड़ी अन्य अनियमितताओं पर निगरानी रखी जा रही है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार त्योहारों के दौरान सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। ओवरलोड वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्री वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की कि वे निर्धारित भार क्षमता परमिट की शर्तों और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *