Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर की सामाजिक संस्था भागीरथी कला संगम ने रविवार को चौरास जाने वाले झूला पुल के नदी पार वाले क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने रास्ते के आसपास उगी झाड़ियों को साफ करने के साथ ही जगह-जगह बिखरे प्लास्टिक के रैपर शराब की बोतलों और अन्य कूड़ा करकट को हटाया। क्षेत्र में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी होने के कारण बाघ और अन्य जंगली जानवरों के छिपे रहने का खतरा बना रहता है। ऐसे में स्वच्छता अभियान के माध्यम से संस्था ने क्षेत्र को साफ रखने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। श्रीनगर नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर और संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने कहा कि स्वच्छता के प्रति प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक होना जरूरी है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं लेकिन अक्सर लोग अपने काम से मतलब रखते हैं और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को नजरअंदाज कर देते हैं। यदि रास्ते से गुजरने वाले लोग भी समय-समय पर स्वच्छता में अपना योगदान दें तो सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जमा होने की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। उन्होंने कहा कि रास्ते के आसपास झाड़ियों के साथ प्लास्टिक के रैपर शराब की बोतलें और अन्य प्रकार का कूड़ा बिखरा हुआ था। सार्वजनिक स्थानों और रास्तों पर कूड़ा फेंकने की आदत को बदलना जरूरी है। लोगों को न केवल स्वयं स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए बल्कि दूसरों को भी सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने और अवैध सामग्री फेंकने से रोकने के लिए आगे आना चाहिए। राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने कहा कि घर गांव मोहल्ले और शहर तभी स्वच्छ रह सकते हैं जब प्रत्येक नागरिक जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाए। नगर निगम के सफाई कर्मचारी और सामाजिक संस्थाएं अपने स्तर पर स्वच्छता के लिए लगातार काम करते हैं लेकिन इन प्रयासों को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास सफाई रखने की आदत अपनानी चाहिए और समाज के प्रति अपने कर्तव्य को समझते हुए एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए। स्वच्छता अभियान में संस्था के मुख्य संरक्षक रमेश थपलियाल संरक्षक रघुवीर सिंह रावत उपाध्यक्ष मुकेश नौटियाल कोषाध्यक्ष हरेंद्र तोमर और अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *