Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चमोली जिले के गोपेश्वर थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ मारपीट करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 18 अक्टूबर 2026 को पठियालधार पुलिस चौकी के पास से गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2026 की रात गोपेश्वर थाना क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में शिकायतकर्ता ने गोपेश्वर थाने में पहुंचकर तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि क्यार्की देवलधार निवासी 42 वर्षीय विक्रम लाल पुत्र सज्जन लाल ने 23 सितंबर की रात अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। आरोप है कि इसके बाद उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने संबंधित पुलिस टीम को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 18 अक्टूबर को पठियालधार पुलिस चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद रावत हेड कांस्टेबल विवेक रावत कांस्टेबल हरेन्द्र कांस्टेबल चालक प्रदीप कुकरेती एसओजी कांस्टेबल रजत शर्मा और महिला होमगार्ड बबीता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *