प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल।टिहरी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों पर कार्रवाई करते हुए दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। थाना थत्यूड़ और कोतवाली नई टिहरी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई न्यायालय से जारी वारंटों की तामील और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन और संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई के दौरान थाना थत्यूड़ पुलिस ने टिहरी गढ़वाल न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट पर सतपाल सिंह बेलवाल उम्र 42 वर्ष पुत्र मुसुद्दी सिंह बेलवाल निवासी ग्राम डांडा की बेली पोस्ट भवान तहसील धनोल्टी थाना थत्यूड़ जनपद टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया। वह परक्राम्य लिखत अधिनियम से संबंधित मामले में न्यायालय से जारी वारंट पर वांछित था। वहीं कोतवाली नई टिहरी पुलिस ने अनिल कुमार उम्र 48 वर्ष पुत्र पुरुषोत्तम निवासी ग्राम रविग्राम थाना जोशीमठ जनपद चमोली को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे 17 अक्टूबर 2026 को देहरादून से गिरफ्तार किया। वह भी परक्राम्य लिखत अधिनियम से संबंधित मामले में न्यायालय से जारी वारंट पर वांछित था। पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार वारंटियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। थाना थत्यूड़ पुलिस की गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अजय कृष्ण और हेड कांस्टेबल मुकेश सिलोड़ी शामिल रहे। वहीं कोतवाली नई टिहरी पुलिस की टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन डिमरी और हेड कांस्टेबल आशीष सैनी शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।
