प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत जनपद देहरादून में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की प्रथम स्तरीय तकनीकी जांच 23 अक्टूबर 2026 से शुरू की जाएगी।जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जांच प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे जांच प्रक्रिया के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहयोग करें। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में ईवीएम की प्रथम स्तरीय तकनीकी जांच एक महत्वपूर्ण प्रारंभिक चरण है। इसके अंतर्गत मशीनों के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर की तकनीकी जांच की जाएगी ताकि उनका सुचारु और त्रुटिरहित संचालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही डेटा रिकॉर्डिंग की विश्वसनीयता को लेकर किसी भी प्रकार की आशंका न रहे। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया निर्वाचन व्यवस्था की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही ईवीएम की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम स्तरीय तकनीकी जांच का कार्य पूरा होने के बाद ईवीएम का विधानसभा क्षेत्रवार रेंडमाइजेशन किया जाएगा। इसके बाद प्रेक्षक की उपस्थिति में सॉफ्टवेयर के माध्यम से मशीनों का दोबारा रेंडमाइजेशन कर उन्हें बूथवार आवंटित किया जाएगा। इस प्रक्रिया से निर्वाचन व्यवस्था में निर्धारित नियमों और प्रोटोकॉल के अनुरूप निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे 23 अक्टूबर से शुरू होने वाली तकनीकी जांच प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें और पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करें। इससे निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के प्रति सभी राजनीतिक दलों का विश्वास मजबूत होगा और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहयोग मिलेगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह तहसीलदार सदर सुरेंद्र सिंह देव और जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली उपस्थित रहे। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के अरविंद जैन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जसविंदर सिंह और सुनील जायसवाल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के अनंत आकाश बहुजन समाज पार्टी के सत्यपाल तथा आम आदमी पार्टी के कमल राणा सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
