प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आयुष आरोग्य मंदिर ढालवाला का निरीक्षण कर स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ ही साफ सफाई एवं रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र परिसर के आसपास झाड़ियां उगी होने और साफ सफाई एवं रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार करने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लंबे समय से अनुपस्थित चल रही एएनएम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उपकेंद्र में व्यवस्थाओं का उचित रखरखाव नहीं होने पर संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने को कहा। उन्होंने परिसर में नियमित साफ सफाई सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका और अन्य पंजिकाओं का अवलोकन कर कर्मचारियों की उपस्थिति एवं कार्य व्यवस्था की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने टीकाकरण अभिलेखों की जांच की और उपलब्ध उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कोल्ड चेन तापमान पंजिका के रखरखाव के साथ ही साफ सफाई और जैव चिकित्सा अपशिष्ट के निस्तारण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध डीप फ्रीजर की कुल संख्या और संचालित एवं खराब उपकरणों की स्थिति की जानकारी मांगी। इस दौरान डीप फ्रीजर की कुल संख्या और उनकी कार्यशील स्थिति का स्पष्ट विवरण उपलब्ध नहीं हो पाया। इस पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध उपकरणों एवं अन्य संसाधनों की सही जानकारी रखने और संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र में साफ सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखने और अभिलेखों का सही ढंग से रखरखाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का सुचारु संचालन करने पर जोर दिया ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चंद्र घिल्डियाल और जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
