प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। शादी में शामिल होने जा रही दो महिलाओं के करीब 14 लाख रुपये के जेवरों से भरा बैग गुम हो गया। बैग खोने से परेशान महिलाओं ने कोतवाली चमोली पहुंचकर पुलिस से मदद मांगी। चमोली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए देर रात तक तलाश जारी रखी और करीब 1 बजे जेवरों से भरा बैग बरामद कर लिया। बैग सुरक्षित मिलने से दोनों महिलाओं और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। घटना 18 अक्टूबर 2026 की है। रामनगर नैनीताल और लक्ष्मीनगर नई दिल्ली निवासी दो महिलाएं अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए ज्योतिर्मठ जा रही थीं। दोनों सुबह रामनगर से अपनी गाड़ी में गैरसैंण पहुंचीं। इसके बाद टैक्सी से कर्णप्रयाग और फिर दूसरे वाहन से चमोली पहुंचीं। इसी सफर के दौरान उनका जेवरों से भरा पिट्ठू बैग कहीं छूट गया। बैग में करीब 14 लाख रुपये के कीमती जेवर रखे थे। काफी तलाश करने के बाद भी जब बैग का पता नहीं चला तो दोनों महिलाएं रात करीब 7:30 बजे कोतवाली चमोली पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली चमोली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैग की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कर्णप्रयाग क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संबंधित वाहन की पहचान की और उसके चालक से संपर्क किया। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे नारायणबगड़ के पास हरवंश गांव में वीडियो कॉल के माध्यम से वाहन की जांच कराई गई लेकिन बैग वहां नहीं मिला। बैग नहीं मिलने के बावजूद पुलिस ने तलाश जारी रखी। महिलाओं ने कर्णप्रयाग से चमोली तक जिस दूसरे वाहन में सफर किया था उसकी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने संबंधित वाहन का पता लगाकर उसमें तलाश की। लगातार प्रयास और सूझबूझ के बाद रात करीब 1 बजे उस वाहन से जेवरों से भरा बैग बरामद कर लिया गया। कीमती जेवरों से भरा बैग सुरक्षित मिलने पर दोनों महिलाओं और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। जिस बैग के गुम होने से पूरा परिवार परेशान था उसे चमोली पुलिस ने देर रात तक प्रयास कर खोज निकाला। महिलाओं और उनके परिवारजनों ने पुलिस की तत्परता सहयोग और कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
