Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना नंदानगर घाट पुलिस ने गणेश नगर में दुकानदारों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस ने दुकानदारों को डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचने के लिए सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी। जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानदारों को PhonePe और Google Pay जैसे डिजिटल भुगतान ऐप पर मजबूत पासवर्ड रखने की जानकारी दी। इसके साथ ही WhatsApp पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू करने की सलाह दी गई ताकि खातों की सुरक्षा मजबूत की जा सके। पुलिस ने अनजान और अनावश्यक फाइलों से बचाव के लिए WhatsApp में ऑटो-डाउनलोड मीडिया विकल्प बंद रखने की भी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतना जरूरी है। किसी भी अनजान फाइल या संदिग्ध सामग्री को खोलने से बचना चाहिए। थाना नंदानगर घाट पुलिस ने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे डिजिटल लेनदेन करते समय सावधानी बरतें और साइबर ठगी से बचने के लिए बताए गए सुरक्षा उपायों को अपनाएं। पुलिस का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *