प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार के निर्देशन में कोतवाली कोटद्वार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्रास्टनगंज कोटद्वार में साइबर जागरूकता कैनोपी लगाई। इस दौरान पुलिस टीम ने आमजन को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए। पुलिस ने फर्जी कॉल और अनजान लिंक तथा ओएलएक्स फ्रॉड और लॉटरी एवं इनाम का लालच देकर की जाने वाली ठगी के साथ फर्जी एप डाउनलोड करवाकर होने वाली साइबर धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जागरूकता पम्पलेट वितरित कर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने लोगों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंक संबंधी जानकारी और ओटीपी तथा पासवर्ड सहित अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से बचें। पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पौड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे साइबर ठगों से सतर्क रहें और अपनी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखें। साथ ही स्वयं जागरूक बनकर दूसरों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।
