Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर 2026 को साइबर सेल चमोली की ओर से पीएम श्री अटल उत्कृष्ट श्री गीता स्वामी जीआईसी इंटर कॉलेज गोपेश्वर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी साइबर सेल चमोली सतेंद्र बुटोला ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के खतरों की जानकारी देते हुए इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी ठगी के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। फर्जी लिंक और आकर्षक ऑनलाइन ऑफर तथा संदिग्ध कॉल और संदेशों के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाया जा रहा है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय की गई छोटी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने और निजी फोटो एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और अपना ओटीपी तथा पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के प्रति जागरूक किया। ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स के बढ़ते चलन को देखते हुए विद्यार्थियों को गेमिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई। सतेंद्र बुटोला ने छात्र-छात्राओं को अनजान गेमिंग लिंक और फर्जी रिवॉर्ड तथा इनाम के लालच में नहीं आने की सलाह दी। उन्होंने पैसे मांगने वाले संदिग्ध ऐप्स से सावधान रहने और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग समझदारी से करें तथा किसी भी साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि का सामना करने पर घबराने के बजाय तत्काल अपने अभिभावकों और संबंधित पुलिस को सूचना दें। कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *