Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ धाम पहुंचकर वहां संचालित पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आस्थापथ और निर्माणाधीन गेस्ट हाउस तथा विभिन्न मार्गों के साथ धाम में स्थित अस्पतालों का जायजा लेकर कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने पुनर्निर्माण कार्यों में जुटी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी डेढ़ माह तक निर्माण कार्यों में अधिकाधिक तेजी लाई जाए ताकि अगली केदारनाथ यात्रा शुरू होने से पहले अधिक से अधिक कार्य पूरे किए जा सकें। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने देने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में मौसम पुनर्निर्माण कार्यों के लिए अनुकूल है। ऐसे में उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करते हुए निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करना प्राथमिकता है ताकि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *