Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली (NALSA) द्वारा संचालित मेगा ड्राइव अभियान के अंतर्गत जनपद देहरादून की ग्राम पंचायत धूलकोट माफी को चयनित किया गया है। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के मार्गदर्शन तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के अध्यक्ष हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के सचिव के नेतृत्व में विगत दो माह से इस ग्राम पंचायत में विभिन्न जनकल्याणकारी और विधिक जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने के साथ ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों सरकारी योजनाओं और आवश्यक जनकल्याणकारी सेवाओं से जोड़ना तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी क्रम में 22 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत धूलकोट माफी में ग्राफिक एरा और राही नेत्रधाम हॉस्पिटल के सहयोग से वृहद स्वास्थ्य एवं नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और नेत्र जांच जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में ग्राफिक एरा हॉस्पिटल की ओर से जनरल फिजिशियन बाल रोग विशेषज्ञ स्त्री रोग विशेषज्ञ कान और आंख संबंधी रोगों के चिकित्सकों फार्मासिस्ट तथा नर्सिंग स्टाफ ने सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के उपचार और आगे की जांच के बारे में जानकारी देने के साथ निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में 100 से अधिक व्यक्तियों को स्वास्थ्य लाभ मिला। राही नेत्रधाम हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों की आंखों की जांच की गई। इस दौरान लगभग 129 व्यक्तियों का नेत्र परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही नेत्र संबंधी बीमारियों की समय पर पहचान नियमित जांच और उचित उपचार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के सचिव ने दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप वॉकर बैसाखी और छड़ी सहित अन्य सहायक उपकरण वितरित किए ताकि उन्हें दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त मस्ती ज्यादे फाउंडेशन के सहयोग से जरूरतमंद ग्रामीणों को फोल्डिंग बेड रजाइयां और गद्दे वितरित किए गए। नालसा मेगा ड्राइव अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के 30 पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) विगत लगभग 60 दिनों से ग्राम पंचायत धूलकोट माफी में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संपर्क कर रहे हैं। इस दौरान 500 से अधिक परिवारों तक पहुंच बनाकर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली उनके विधिक अधिकारों तथा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। अभियान के दौरान नौ वृद्धावस्था पेंशन नौ दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं पेंशन 27 आयुष्मान कार्ड 36 किसान सम्मान और 70 श्रम कार्ड बनाए गए। इसके अलावा कई जरूरतमंद लोगों को कंबल रजाई गद्दे पलंग मेडिकल किट वॉकर और बैसाखी सहित आवश्यक सामग्री वितरित की गई। अभियान के दौरान सात लोगों के मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन कराए गए जो सफल रहे। वहीं 11 बच्चों को शिक्षा के अधिकार से जोड़ते हुए स्कूलों में प्रवेश दिलाया गया। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को विधिक सहायता स्वास्थ्य सेवाओं सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ताकि पात्र लोगों को समय पर आवश्यक सहायता मिल सके। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के सचिव एवं सिविल जज वरिष्ठ प्रभाग द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *