Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा और आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद हरिद्वार में सघन निरीक्षण और नमूना संग्रह अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड देहरादून विनय शंकर पांडेय तथा जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार 22 अक्टूबर 2026 को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र हरिद्वार में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम हरिद्वार कैलाश चंद्र टम्टा ने भूपतवाला क्षेत्र के होटलों और खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक होटल में मिलावट की आशंका के आधार पर सूजी का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। इसी क्रम में भूपतवाला क्षेत्र के खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों को अचार की आपूर्ति करने वाली एक निर्माता कंपनी के वाहन को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान मिथ्या छाप लेबलिंग वाला अचार मिलने पर उसका नमूना संग्रहित किया गया। संबंधित निर्माता कंपनी को मिथ्या छाप खाद्य सामग्री के निर्माण और विक्रय के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत नोटिस जारी किया गया। इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित बेकरी उत्पादों की निर्माता इकाई का निरीक्षण किया गया। यहां बेकरी उत्पादों के निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे मैदा की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण उसका नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने अधोमानक पनीर के निर्माण वितरण और आपूर्ति के मामले में संबंधित निर्माता कंपनी के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने सरधाना डेयरी एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड सरधाना मेरठ उत्तर प्रदेश के डायरेक्टर के विरुद्ध अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हरिद्वार के न्यायालय में वाद दायर किया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत अधोमानक खाद्य पदार्थ के मामले में अधिकतम पांच लाख रुपये तक के अर्थदंड का प्रावधान है। इसी प्रकार भूपतवाला स्थित एक होटल में भोजन तैयार करने के लिए अधोमानक पनीर का प्रयोग किए जाने के मामले में होटल स्वामी के विरुद्ध भी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हरिद्वार के न्यायालय में वाद दायर किया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने मिलावट और भ्रामक लेबलिंग पर रोक लगाने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों का निर्माण भंडारण और विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *