प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में मेलाधिकारी कुंभ सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार में दूसरे दिन भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत नगर निगम हरिद्वार पर्यावरण मित्रों और अकुम्स ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड द्वारा मालवीय घाट मायापुर हेड रेगुलेटर सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। नगर आयुक्त नन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों और सफाई टीमों को निर्देश दिए कि गंगा बंदी की अवधि में गंगा क्षेत्र घाटों रेगुलेटरों और आसपास के स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कूड़े-कचरे का समयबद्ध संग्रहण और उचित निस्तारण करने के साथ सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। गंगा बंदी के दौरान गंगा घाटों रेगुलेटरों और आसपास के क्षेत्रों में जमा कूड़े-कचरे को हटाने के उद्देश्य से चलाए गए अभियान के अंतर्गत नगर निगम की टीम ने डाम कोठी के निकट स्थित मायापुर हेड रेगुलेटर पर व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 8 टन कूड़ा-कचरा एकत्रित कर नगर निगम के प्लांट तक पहुंचाया गया जहां उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की गई। वहीं अकुम्स ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड ने जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में मालवीय घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। कंपनी के महाप्रबंधक के.डी. शर्मा के अनुसार अभियान में 35 श्रमिकों और कर्मचारियों ने भाग लेकर घाट की सफाई की तथा लगभग 60 कुंतल कूड़ा-कचरा एकत्रित कर उचित निस्तारण के लिए भेजा गया। एआरएम परिवहन निगम विशाल चंद्र ने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से रोडवेज परिसर में भी सफाई अभियान चलाया गया। इन अभियानों का उद्देश्य जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना गंगा घाटों को स्वच्छ बनाए रखना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी ने बताया कि भगवानपुर के लोकेश्वरी इंडस्ट्रियल एरिया में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान एक कुंतल सूखा और गीला कूड़ा एकत्रित किया गया। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों और संस्थानों से स्वच्छता अभियान में निरंतर सहयोग करने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है।
