प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड राज्य शाखा के 29वें वार्षिक आईएपीएसएम सम्मेलन (IAPSMUPUKCON-2026) के शुभारंभ से पूर्व गुरुवार को प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने कहा कि यह सम्मेलन मानव समाज और पर्यावरण के लिए मील का पत्थर साबित होगा। राष्ट्रीय सम्मेलन के माध्यम से जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में नए शोध और समाधान सामने आएंगे। वर्कशॉप में विभिन्न स्थानों से पहुंचे चिकित्सा विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने आपसी संवाद के माध्यम से अपने विचारों और अनुभवों को साझा किया। इस दौरान 100 पीजी चिकित्सकों को रिसर्च के विभिन्न आयामों शोध पद्धतियों और नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें क्वालिटेटिव एनालिसिस मेटा-एनालिसिस और बायोमेडिकल रिसर्च में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकें शामिल रहीं। वर्कशॉप में विषय विशेषज्ञ के रूप में एम्स नागपुर के प्रोफेसर डॉ.प्रदीप देशमुख और प्रोफेसर योगेश बहुरूपिया तथा एम्स रायबरेली के प्रोफेसर भोलानाथ रिम्स रांची के प्रोफेसर अनित कुजुर पुडुचेरी मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर अमोल डोंगरे और ईएसआई रांची के प्रोफेसर रतनेश सिन्हा ने प्रशिक्षण दिया। मुख्य सम्मेलन का शुभारंभ शुक्रवार को दोपहर 12 बजे प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल तथा शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ.धन सिंह रावत करेंगे। सम्मेलन में जनस्वास्थ्य से जुड़े समसामयिक विषयों नवीन शोध और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। उद्घाटन सत्र के बाद दोपहर एक बजे से बेस चिकित्सालय परिसर में 245.54 लाख रुपये की लागत से निर्मित 15 सीटर ट्रांजिट हॉस्टल और 150 लाख रुपये की लागत से लगाए गए स्किल लैब उपकरणों तथा मैनिकिन का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज परिसर में 947.85 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आठ टाइप-5 सीटर आवासों का उद्घाटन भी चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ.धन सिंह रावत तथा श्रीनगर विधायक द्वारा किया जाएगा। सम्मेलन की आयोजन अध्यक्ष डॉ.जानकी बर्त्वाल और आयोजन सचिव डॉ.सुरेंद्र सिंह ने एम्स तथा विभिन्न मेडिकल कॉलेजों सहित देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से पहुंचे प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित यह सम्मेलन क्षेत्र की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेगा। सम्मेलन के माध्यम से प्राप्त नवीन जानकारियां शोध निष्कर्ष आंकड़े और समाधान जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वर्कशॉप के दौरान पीजी चिकित्सकों को शोध के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देने के साथ ही नई तकनीकों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित किया गया। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम चिकित्सा विद्यार्थियों और शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए प्रोत्साहित करने में सहायक होंगे। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.ए.एन.पांडेय डॉ.भोलानाथ डॉ.सत्येंद्र यादव डॉ.मोहित सैनी सहित विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।
