प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ धाम-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बद्रीनाथ धाम में महिला फायर कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग लगने की घटना पर त्वरित कार्रवाई कर बड़े हादसे की आशंका को टाल दिया। कर्तव्य के प्रति सजगता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए मंदिर ड्यूटी पर तैनात महिला फायर कर्मियों ने आग पर समय रहते काबू पाया और उसे फैलने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना गुरुवार 22 अक्टूबर 2026 की है जब श्री बद्रीनाथ धाम में पुलिस कंट्रोल रूम के पास स्थित बामणी गांव के एक घर में अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर ड्यूटी पर तैनात महिला फायर कर्मी एफएम रश्मि और सुदाक्षी बिना समय गंवाए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। दोनों ने फायर उपकरणों की सहायता से पूरी तत्परता और साहस के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। महिला फायर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते आग पर समय रहते पूरी तरह काबू पा लिया गया जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। उनकी मुस्तैदी से आग को फैलने से रोकने में मदद मिली। महिला फायर कर्मियों के इस साहस और कर्तव्यनिष्ठा की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सराहना करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।
