Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर का ऐतिहासिक एवं पौराणिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला इस वर्ष 23 नवंबर से शुरू होगा। मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर आरती भंडारी की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में पार्षदों और अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों के साथ आयोजन को आकर्षक बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए पार्षदों से सुझाव मांगे। मेला स्थल तक आवागमन सुगम बनाने और मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ बाजारों की सजावट तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर बिंदुवार विचार-विमर्श किया गया। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और आयोजन की बेहतर व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। इस वर्ष मेले के दौरान पहाड़ी परिधान और उत्तराखंड की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा। पारंपरिक वेशभूषा और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के साथ पहाड़ की लोक परंपराओं को आयोजन का हिस्सा बनाकर मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने की योजना है। इससे स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहन मिलने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक और पौराणिक पहचान के साथ सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर निगम का प्रयास है कि मेले का आयोजन बेहतर व्यवस्थाओं के साथ किया जाए और इसमें स्थानीय संस्कृति की झलक भी दिखाई दे। इसके लिए सभी पार्षदों और संबंधित अधिकारियों के सुझावों के आधार पर तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त नुपुर वर्मा सहित नगर निगम के पार्षद और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *