प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में गुरुवार को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पीड़ित व्यक्तियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और लंबित प्रकरणों की समीक्षा के साथ अत्याचार की घटनाओं की रोकथाम पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में प्राप्त प्रकरणों में सहायता राशि की स्वीकृति और भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि शासनादेश के अनुसार पीड़ित व्यक्तियों को एक सप्ताह के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में पुलिस विभाग द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट यानी एफआईआर दर्ज करते समय पीड़ितों के जाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड के साथ आधार से जुड़े बैंक खाते की पासबुक के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति तथा मोबाइल नंबर प्राप्त कर समाज कल्याण विभाग को भेजने की कार्यवाही पर चर्चा की गई। बैठक में जनपद के उन क्षेत्रों को चिह्नित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया जहां इस तरह की घटनाएं अधिक होती हैं। ऐसे क्षेत्रों में अत्याचार की घटनाओं की रोकथाम और उनमें कमी लाने के लिए पुलिस विभाग तथा समिति के सदस्यों से आवश्यक सुझाव देने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। समिति के सदस्यों से अनुरोध किया गया कि यदि उनके संज्ञान में ऐसा कोई प्रकरण आता है जिसमें अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति के किसी पीड़ित की एफआईआर दर्ज नहीं हुई है या उसे समाज कल्याण विभाग से आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हुई है तो ऐसे प्रकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में पीड़ितों को समय पर न्याय और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रकरणों का प्रभावी निस्तारण करने के साथ अत्याचार की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्राप्त सभी प्रकरणों का भली-भांति परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उत्पीड़न से संबंधित प्राप्त आवेदनों और पीड़ितों को उपलब्ध कराई गई सहायता राशि के संबंध में समिति के सदस्यों को जानकारी दी। बैठक में समिति के सदस्य गोपाल कुमार और ऋषिपाल सिंह के साथ अनूप कुमार तथा जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
