Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन कार्यालय में मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार के लिए प्राप्त आवेदनों के सत्यापन और पात्र बच्चों के नामों की संस्तुति के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को पुरस्कार के लिए प्राप्त आवेदनों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। इसके लिए बाल विकास विभाग और पुलिस विभाग के साथ बाल कल्याण समिति तथा परिवीक्षा विभाग के एक-एक सदस्य की टीम गठित कर सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद बैठक आयोजित कर पात्र बच्चों के नामों पर निर्णय लिया जाएगा। बैठक में बताया गया कि उत्तराखंड सरकार ने असाधारण साहस और वीरता का परिचय देने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार शुरू किया है। इस पुरस्कार के अंतर्गत चयनित बच्चे को 51 हजार रुपये की नकद धनराशि के साथ पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दिया जाएगा। बैठक में पुरस्कार के लिए निर्धारित पात्रता की जानकारी देते हुए बताया गया कि घटना के समय छह वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चे पात्र होंगे जिन्होंने पिछले दो वर्षों के दौरान असाधारण साहस और वीरता अथवा मानवीय संवेदना का परिचय दिया हो। किसी की जान बचाने और संकट में दूसरों की सहायता करने के साथ विपरीत परिस्थितियों में साहस और सूझबूझ से उल्लेखनीय कार्य करने वाले बच्चों के नामों पर विचार किया जा सकता है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जिले से एक बच्चे का चयन किए जाने का प्रावधान है। जिला स्तर पर आवेदनों और घटनाओं का सत्यापन करने के बाद राज्य स्तरीय समिति अंतिम चयन करेगी। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव और जिला परिवीक्षा अधिकारी ज्योति पटवाल के साथ जिला शिक्षा अधिकारी मो. तसलीम कुरैशी उपस्थित रहे। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ऋषि कुमार और पुलिस विभाग से अजय कुमार सहित बाल कल्याण समिति की संगीता भंडारी तथा अन्य संबंधित कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *