Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद के भगवानपुर कस्बे में शुक्रवार 23 अक्टूबर 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी मुरुगेशन की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। अपर पुलिस महानिदेशक डॉ.वी मुरुगेशन ने उपस्थित लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उनके निराकरण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मुकदमों के त्वरित निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। अपने संबोधन में अपर पुलिस महानिदेशक डॉ.वी मुरुगेशन ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई को पुलिस की प्राथमिकता बताया। उन्होंने नशे की लत के कारण बढ़ रहे अपराधों को लेकर आमजन को आगाह किया। साथ ही नशा तस्करी पर लगाम लगाने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन से पुलिस को सहयोग देने की अपील की। जनता दरबार के दौरान झबरेड़ा क्षेत्र में स्कूलों और कॉलेजों के बाहर दोपहिया तथा भारी वाहनों को लापरवाही से चलाने और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत भी सामने आई। एक ग्रामीण के माध्यम से मिली इस शिकायत पर अपर पुलिस महानिदेशक ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को मामले को गंभीरता से लेने और आवश्यक कार्रवाई कर ऐसे वाहन चालकों पर लगाम लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए। अपर पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही घरों और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव दिया ताकि चोरी की वारदातों को रोकने में मदद मिल सके। जनता दरबार के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं के समाधान और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण क्षेत्राधिकारी भगवानपुर क्षेत्राधिकारी रुड़की और हरिद्वार के देहात क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed