Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद देहरादून में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अनधिकृत उपयोग तथा अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों के नेतृत्व में प्रवर्तन टीमों का गठन कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और जांच की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर 2026 को देहरादून नगर क्षेत्र के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग पाए जाने पर 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में जमा कराया गया है। इसके अतिरिक्त छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार किए जाने का मामला सामने आने पर प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए 94 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए। इस प्रकरण में मौके पर मिले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध थाना रायवाला में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। साथ ही मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दृष्टिगत घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग और उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल निर्धारित घरेलू प्रयोजनों के लिए किया जाना चाहिए। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अनधिकृत उपयोग और अवैध रिफिलिंग तथा गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण और जांच अभियान जारी रखा जाए। घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग करने तथा अवैध रिफिलिंग के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान के दौरान टीम में एसके एआरओ रजत नेगी तथा पूर्ति निरीक्षक नवीन जुयाल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *