प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के दृष्टिगत अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 25 अक्टूबर 2026 को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में मनसा देवी मार्ग की गली से हरकी पैड़ी तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। अभियान का उद्देश्य सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ आवागमन सुचारु करना और आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा निर्धारित पीली पट्टी के बाहर यदि किसी भी प्रकार का फड़ ठेली अथवा अन्य सामान रखा जाता है तो संबंधित सामान जब्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों से अपील की कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना सामान रखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आगामी कुंभ मेले को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
