प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में लग्जरी बसों के खिलाफ परिवहन विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए और दो बसों को सीज किया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं को देखते हुए अभियान में यात्रियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी बसों की सघन जांच कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि उनका संचालन निर्धारित मानकों और परमिट की शर्तों के अनुरूप हो। चेकिंग के दौरान बसों के पंजीकरण फिटनेस परमिट बीमा और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। इसके साथ ही बसों का निर्धारित क्षमता के अनुरूप संचालन हो रहा है या नहीं और वाहनों में कोई अनधिकृत परिवर्तन तो नहीं किया गया है जैसे बिंदुओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। यात्री सुरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों के अनुपालन की भी जांच की जा रही है। परिवहन विभाग की ओर से बस संचालकों और चालकों को निर्देश दिए गए कि वे वाहनों के सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखें और सुरक्षा मानकों तथा परमिट की शर्तों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली कमियां मिलने या नियमों का उल्लंघन किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग द्वारा यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। अभियान का उद्देश्य लग्जरी बसों का सुरक्षित और नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
