प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार में सड़कों को गड्ढामुक्त करने और हरकी पैड़ी सहित अन्य घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 24 अक्टूबर 2026 की देर रात विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर निर्माण कार्यों पेंटिंग और घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने चंडी घाट चौक से शंकराचार्य चौक प्रेम नगर चौक सिंह द्वार गुरुकुल कांगड़ी हाईवे और हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए किए जा रहे डामरीकरण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। हरकी पैड़ी क्षेत्र में मंदिरों घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दीपावली से पहले सभी संबंधित कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए घाटों और मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाए तथा इनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रात के समय संचालित होने वाले कार्यों की प्रभावी निगरानी की जाए तथा आवश्यक संसाधनों और पर्याप्त श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हो सकें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनपद में चल रहे निर्माण सड़क मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी राष्ट्रीय राजमार्ग के डिप्टी मैनेजर प्रज्वल जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।
