Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10.54 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस ने महिला के विरुद्ध संबंधित अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में 25 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम दुधियावन रोड स्थित बिजली घर के सामने और बैडमिंटन रोड के सामने घाट के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर एक महिला अचानक घबरा गई और पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगी। महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और महिला कांस्टेबल की मदद से कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर महिला के कब्जे से 10.54 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर महिला के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान कांस्टेबल संदीप नेगी कांस्टेबल लखन सिंह और महिला कांस्टेबल मुन्नी राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *