प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक महिला के विरुद्ध अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणी करने तथा पांच करोड़ रुपये की मांग करने के मामले में नामजद महिला को 12 घंटे के भीतर सहारनपुर से हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां कर उनकी छवि और परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये की मांग करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई। कोतवाली रानीपुर में 24 अक्टूबर 2026 की रात टिहरी विस्थापित कॉलोनी रानीपुर हरिद्वार निवासी महिला की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में सहारनपुर उत्तर प्रदेश के सदर बाजार थाना क्षेत्र के गोविंदनगर स्थित मकान नंबर 2 ए/1682 निवासी महिला को नामजद किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी महिला की तलाश करते हुए 25 अक्टूबर 2026 को सहारनपुर स्थित उसके घर से उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला को संबंधित कानूनी प्रावधानों और स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम के अंतर्गत न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी महिला के पूर्व आपराधिक मामलों का भी उल्लेख किया है। पुलिस के मुताबिक महिला के विरुद्ध वर्ष 2024 और 2025 में हरिद्वार के झबरेड़ा बहादराबाद ज्वालापुर और रानीपुर थानों के साथ देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने तथा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर सदर बाजार और फतेहपुर थानों में भी विभिन्न मामले दर्ज हैं। इनमें सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामले भी शामिल हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी हेड कांस्टेबल गोपीचंद कांस्टेबल कुलदीप महिला कांस्टेबल मोनिका और महिला कांस्टेबल मीनाक्षी शामिल रहे।
