प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड दुगड्डा के उमरैला गांव में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं जिनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया बीते 18 अक्टूबर को उमरैला गांव पहुंची थीं जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी थीं। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव में बहुद्देशीय शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया था। ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कोटद्वार को शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की पहल की गई। उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने बताया कि शिविर में समाज कल्याण उद्यान कृषि राजस्व वन पशुपालन बाल विकास स्वास्थ्य लोक निर्माण विभाग और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को संबंधित योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक दवाएं भी वितरित कीं। शिविर में सहायक उद्यान अधिकारी प्रशांत राठौर सहायक कृषि अधिकारी अजय कुमार ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संदीप कुमार सहायक समाज कल्याण अधिकारी संजीव पाल स्वास्थ्य विभाग से प्रीति गोस्वामी और एएनएम वर्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।
