Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल/पौड़ी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर और कीर्तिनगर क्षेत्र में स्थानीय कारोबारियों तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आम लोगों के बीच सहज उपस्थिति दर्ज कराते हुए स्थानीय दुकानदारों से आत्मीय बातचीत की और आगामी करवाचौथ तथा दीपावली के पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री की इन सहज पहलों के माध्यम से स्थानीय कारोबारियों और महिला समूहों को प्रोत्साहित करने के साथ ही वोकल फॉर लोकल की भावना को भी रेखांकित किया गया। जीवीके हेलीपैड पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी महापौर आरती भंडारी सहित अन्य अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद देहरादून जाते समय सड़क मार्ग पर मुख्यमंत्री श्रीनगर चुंगी के पास मंगल सिंह जी की चाय की दुकान पर रुके। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ चाय पी और वहां मौजूद बच्चियों नागरिकों तथा अधिकारियों को अपने हाथों से चाय परोसी। उन्होंने दुकानदार और स्थानीय लोगों से आत्मीय बातचीत भी की। मुख्यमंत्री की इस सहज पहल से आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों में उत्साह देखने को मिला। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कीर्तिनगर पुल के पास रुककर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं के उत्पादों के विपणन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। इससे महिला समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के बेहतर अवसर मिल सकते हैं। संवाद के दौरान महिलाओं ने सरकार की ओर से महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को करवाचौथ और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महिलाओं ने करवाचौथ पर अवकाश घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। श्रीनगर में स्थानीय दुकान पर चाय पीने और कीर्तिनगर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बीच पहुंचकर संवाद करने की इन पहलों ने वोकल फॉर लोकल की भावना को रेखांकित किया। स्थानीय उत्पादों को अपनाने और छोटे कारोबारियों तथा महिला समूहों को प्रोत्साहित करने से स्थानीय अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार को मजबूती मिल सकती है। इस दौरान स्थानीय नेता लखपत भंडारी ने मुख्यमंत्री की सहजता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा जमीन से जुड़ा मुख्यमंत्री नहीं देखा। मुख्यमंत्री के इस अनौपचारिक संवाद से आमजन भी उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी एसडीएम नूपुर वर्मा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *