प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सम्मान और कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने मानवीय पहल की है। इसके अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम जानी गई। कैम्पटी देवप्रयाग कीर्तिनगर एवं थत्यूड़ पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और फोन के माध्यम से भी बातचीत की। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य दैनिक जीवन में आने वाली समस्याओं तथा उनकी सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं। पुलिस ने उनकी समस्याओं और सुझावों को संवेदनशीलता के साथ सुना। जरूरतमंद बुजुर्गों को वितरित की खाद्य सामग्री अभियान के अंतर्गत कैम्पटी क्षेत्र में पुलिस टीम ने ऐसे वरिष्ठ नागरिकों से विशेष रूप से मुलाकात की जिनकी देखभाल के लिए परिवार का कोई सदस्य उपलब्ध नहीं है। जरूरतमंद बुजुर्गों को आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री वितरित की गई। साथ ही उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया। पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए टिहरी पुलिस सदैव तत्पर है। साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक टिहरी पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें अनजान फोन कॉल संदिग्ध लिंक फर्जी कॉल और साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। पुलिस ने बुजुर्गों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारी ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में भी जानकारी दी गई। ग्राम प्रधानों और ग्राम प्रहरियों को सतर्क रहने के निर्देश पुलिस ने ग्राम प्रधानों और ग्राम प्रहरियों को अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की नियमित कुशलक्षेम लेने तथा उनकी सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को संबंधित थानों के मोबाइल नंबर और हल्का एवं बीट प्रभारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकें। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध टिहरी पुलिस टिहरी पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा सम्मान और सहायता पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस द्वारा समय-समय पर ऐसे नागरिकों से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम जानने और आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई वरिष्ठ नागरिक अकेले रह रहे हैं अथवा उन्हें किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है तो उनकी मदद के लिए आगे आएं और जरूरत पड़ने पर पुलिस को सूचित करें। टिहरी पुलिस ने आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प का संदेश देते हुए वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
