Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग की बेटी रोशनी कालूड़ा ने 41वीं जूनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक जीतकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। चेन्नई तमिलनाडु में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एथलेटिक्स बालिका छात्रावास अगस्त्यमुनि में पूर्व में अध्ययनरत कुमारी रोशनी कालूड़ा ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। रोशनी कालूड़ा ने अंडर-20 बालिका वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने तीन किलोमीटर स्टीपल चेस प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से जनपद रुद्रप्रयाग सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल विभाग अगस्त्यमुनि रुद्रप्रयाग एवं उत्तराखंड खेल फेडरेशन ने रोशनी को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि रोशनी की यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। सीमित संसाधनों के बावजूद अगस्त्यमुनि छात्रावास की खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना जनपद की खेल प्रतिभा और उनकी मेहनत को दर्शाता है। रोशनी की इस उपलब्धि से क्षेत्र के खिलाड़ियों में भी उत्साह बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed