प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार 28 अक्टूबर 2026 को जनपद पौड़ी के सेंट जेम्स स्कूल और श्रीनगर स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के राष्ट्रव्यापी सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत आयोजित इन शिविरों में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों बाल शोषण की रोकथाम और बच्चों के संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। अभियान का प्रथम चरण 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और उनके लिए सुरक्षित तथा भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है। सेंट जेम्स स्कूल पौड़ी में सिविल जज कनिष्ठ खंड रिजवान अंसारी और न्यायिक मजिस्ट्रेट अकमल ने विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण शिक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 यानी पॉक्सो अधिनियम की जानकारी दी। इसके साथ ही अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान करने तथा किसी भी प्रकार के शारीरिक मानसिक या यौन उत्पीड़न की स्थिति में अपने अभिभावकों शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप रहने के बजाय अपनी बात साझा करना और समय पर सहायता प्राप्त करना जरूरी है। वहीं श्रीनगर स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज वरिष्ठ खंड नाज़िश कलीम ने छात्राओं को बाल संरक्षण कानूनों व्यक्तिगत सुरक्षा तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या शोषण की स्थिति में बिना भय और संकोच के सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने बाल अधिकारों की जानकारी रखने और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रमों के दौरान अधिवक्ताओं ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की बाल हितैषी विधिक सेवाओं से संबंधित योजनाओं और जरूरतमंद बच्चों के लिए उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण से संबंधित सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं के माध्यम से उचित सहायता प्राप्त की जा सकती है। सेंट जेम्स स्कूल पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्या मधुबाला नेगी और उप प्रधानाचार्या श्वेता मौजूद रहीं। इनके साथ अधिवक्ता विनोद कुमार पुलिस के एएसआई दिनेश गुसाईं अधिकार मित्र अवतार सिंह ज्योति रावत और मनोज पाल सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्या मीना गैरोला रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत तथा अधिकार मित्र रोशनी रतूड़ी प्रकाश नेगी और मानव सिंह बिष्ट सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं। सुरक्षित बचपन अभियान के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत बच्चों को शोषण और उत्पीड़न से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ ही उनके लिए सुरक्षित सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
