Spread the love

प्रदीप कुमार
देवप्रयाग/टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग संगम क्षेत्र में नदी में सीवेज छोड़े जाने के आरोप से संबंधित सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के मामले में नगर पालिका परिषद देवप्रयाग ने स्थिति स्पष्ट की है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राहुल भंडारी ने बताया कि संगम क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक शौचालय के सीवेज निस्तारण के लिए पंप के माध्यम से सीवेज को सीवर लाइन में भेजने की व्यवस्था है। इस व्यवस्था का संचालन और रखरखाव नगर पालिका परिषद देवप्रयाग द्वारा किया जाता है। अधिशासी अधिकारी राहुल भंडारी के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 की शाम विद्युत प्रवाह में असामान्यता के कारण पंप में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके चलते कुछ समय के लिए सीवेज को सीवर लाइन में भेजने की प्रक्रिया बाधित हुई। 24 अक्टूबर 2026 को पंप की मरम्मत कर दी गई और उसी दिन शाम से सीवेज को दोबारा सीवर लाइन में भेजना शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नगर पालिका द्वारा एक अतिरिक्त स्टैंडबाय पंप स्थापित किया गया है। पंप के नियमित संचालन के लिए ऑपरेटर की नियुक्ति की प्रक्रिया भी चल रही है। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित स्थान पर सीवर लाइन से जुड़े स्मार्ट शौचालय के निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस परियोजना के माध्यम से सीवेज निस्तारण की व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद देवप्रयाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित वायरल वीडियो में दिखाई गई स्थिति पंप में आई तकनीकी खराबी के कारण उत्पन्न हुई थी। नगर पालिका का कहना है कि पंप की मरम्मत के बाद समस्या का समाधान कर दिया गया है। गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर पालिका द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed