प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल 2026 को भव्य आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्निवाल की तैयारियों विभिन्न व्यवस्थाओं और आयोजन से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्निवाल को भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा व्यवस्थाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के दौरान मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन साफ-सफाई सौंदर्यीकरण सड़क व्यवस्था और पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं है बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने स्थानीय संस्कृति एवं ऐतिहासिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के अवसर सृजित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस दृष्टिगत कार्निवाल की गतिविधियों को इस प्रकार नियोजित किया जाए कि पर्यटक आकर्षित हों और मसूरी की विशिष्ट पहचान तथा ऐतिहासिक महत्व का भी व्यापक प्रचार-प्रसार हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मसूरी के ऐतिहासिक स्मारकों एवं भवनों का सौंदर्यीकरण करने तथा महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों को कार्निवाल की कार्यक्रम श्रृंखला से जोड़ने के निर्देश दिए। इन स्थानों पर क्षेत्रीय इतिहास परंपरा लोककला और स्थानीय व्यंजनों पर आधारित आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं ताकि मसूरी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को यहां की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि कार्निवाल की गतिविधियों के माध्यम से मसूरी की ऐतिहासिक पहचान को प्रदर्शित करने से पर्यटकों का अनुभव अधिक समृद्ध होगा और शहर की विरासत को नई पहचान मिलेगी। जिलाधिकारी ने कार्निवाल को और अधिक आकर्षक एवं प्रभावी बनाने के लिए देश के अन्य पर्यटन क्षेत्रों में सफलतापूर्वक आयोजित कार्निवाल और पर्यटन महोत्सवों का अध्ययन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि वहां की बेहतर व्यवस्थाओं नवाचारों और सफल गतिविधियों को मसूरी की स्थानीय परिस्थितियों एवं विशेषताओं के अनुरूप आयोजन में शामिल करने की संभावनाओं पर काम किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की प्रत्येक गतिविधि में गुणवत्ता समन्वय और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल रोजगार और पर्यटन संवर्धन से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इससे मसूरी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय होटल व्यवसायियों व्यापारियों परिवहन सेवा प्रदाताओं स्थानीय कलाकारों और अन्य संबंधित लोगों के लिए रोजगार एवं आय अर्जित करने के अवसर बढ़ते हैं। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि का सकारात्मक प्रभाव प्रदेश की आर्थिकी पर भी पड़ता है। इसलिए आयोजन की रूपरेखा इस प्रकार तैयार की जाए कि इसका लाभ स्थानीय लोगों और राज्य की अर्थव्यवस्था तक प्रभावी रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के कार्यक्रम पर्यटकों के मनोरंजन स्थानीय लोगों की सहभागिता रोजगार एवं आय के अवसरों तथा मसूरी और उत्तराखंड के इतिहास एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार को ध्यान में रखकर आयोजित किए जाएं। सभी विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें ताकि मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल 2026 को सफल सुरक्षित आकर्षक और पर्यटक हितैषी बनाया जा सके। बैठक में नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी और संयुक्त मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद के साथ मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी पुलिस अधीक्षक जया बलूनी परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह उप नगर आयुक्त गौरव कुमार होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी और सचिव अजय भार्गव जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान पुलिस क्षेत्राधिकारी जगदीश पंत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रत्नाकर सिंह नायब तहसीलदार उपेन्द्र सिंह राणा लोक निर्माण विभाग से दीपक कुमार पेयजल निगम से भीम निराला और आईटीबीपी से अजय प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल को भव्य बनाने की तैयारियां तेज ऐतिहासिक विरासत और लोकसंस्कृति पर रहेगा जोर
