प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जनपद में निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा और अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग डॉ.मीनल गुलाटी के साथ जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
