Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय की ओर से पौड़ी जनपद में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। एक से तीन नवंबर तक आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि एक नवंबर को कोटद्वार स्थित शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालक वर्ग की बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें एक जनवरी 2010 से 31 दिसंबर 2012 तक जन्मे खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। दो नवंबर को कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें अंडर-13 अंडर-15 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की एकल स्पर्धाएं होंगी। इसके बाद तीन नवंबर को श्रीकोट गंगानाली में अंडर-17 बालक वर्ग की वालीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि सभी प्रतियोगिताएं सुबह 10 बजे से शुरू होंगी। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए खेल किट में आना अनिवार्य होगा। उन्होंने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथियों पर संबंधित आयोजन स्थलों में पहुंचकर प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की अपील की है। इन खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराने के साथ खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *