प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन रुद्रप्रयाग की टीम ने दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में मिठाई की दुकानों रेस्टोरेंटों होटल व्यवसायियों रिटेलर होलसेलर एवं डिस्ट्रीब्यूटर्स प्रतिष्ठानों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापारियों के साथ नियमित रूप से बैठकें कर उन्हें खाद्य सुरक्षा से संबंधित नवीन प्रावधानों की जानकारी दी गई है। इसमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का ध्यान रखने तथा एक्सपायरी सामान नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मिष्ठान विक्रेताओं को विक्रय ट्रे पर मिठाइयों की निर्माण तिथि तथा उपभोग की तिथि अंकित करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। निरीक्षण दल ने रुद्रप्रयाग तिलवाड़ा जखोली एवं ऊखीमठ बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान विक्रय ट्रे पर उपभोग की तिथि अंकित किए जाने की जांच की गई। टीम ने सरसों का तेल लड्डू सोनपापड़ी रसगुल्ला सूजी दलिया चीनी दार्ले पका चावल पकी हुई दालें तथा पकी हुई सब्जी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 25 नमूने एकत्रित किए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं ऊखीमठ क्षेत्र में मीट विक्रेताओं के संबंध में शिकायतें प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सत्येंद्र यादव के साथ मीट विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक मीट विक्रेता को कड़ी चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया। साथ ही सभी मीट विक्रेताओं को सचेत होकर कारोबार करने की हिदायत दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
