प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग में तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत आनंद सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से सूचना विभाग में शोक की लहर है। उनके निधन पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय में शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनके कार्यों सेवाभाव और विभाग के प्रति समर्पण को याद किया गया। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट ने अपने सेवाकाल के दौरान सूचना विभाग में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में अपनी सेवाएं दीं। वे विगत 26 वर्षों से जनपद रुद्रप्रयाग में कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा लगन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। विभागीय कार्यों में उनका योगदान और सहकर्मियों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी कृपाल लाल टम्टा ने आनंद सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने लंबे समय तक विभाग को अपनी सेवाएं दीं और अपने कार्यों के प्रति सदैव समर्पित रहे। उनके साथ बिताए गए समय और उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव विनय भट्ट डाटा एंट्री ऑपरेटर राकेश नौटियाल वाहन चालक नरेंद्र पंवार दीपक गोस्वामी भुवनेश नेगी और वासुदेव मौजूद रहे।
