Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं जिला योजना के अंतर्गत विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी योजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें। कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न किया जाए। जिलाधिकारी ने जिला योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिला योजना के अंतर्गत विकास कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि का नवंबर माह तक शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन विकास योजनाओं की अभी तक टेंडर प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है उनकी सभी औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी करते हुए टेंडर प्रक्रिया संपन्न कराई जाए। जिन विभागों में विकास कार्यों की प्रगति धीमी है वे तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्यों में तेजी लाएं। साथ ही प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने डी एवं सी श्रेणी में संचालित विभागों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए ए श्रेणी में आने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए अपनी रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री द्वारा जनपद के लिए की गई घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। जिन घोषणाओं से संबंधित कार्य लंबित हैं उनमें तेजी लाते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण की जाएं तथा घोषणाओं को धरातल पर उतारना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति निर्माण कार्यों आधारभूत सुविधाओं विकास परियोजनाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा विकास योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग पारदर्शिता गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर.के.सिंह जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *