प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास श्रीनगर गढ़वाल में स्काउट गाइड के चतुर्थ शिविर के दूसरे दिन विभिन्न गतिविधियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिविर में जिला आयोजक आयुक्त एवं प्रशिक्षक वैभव गॉड तथा स्काउट मास्टर एवं प्रशिक्षक विकास बाबू ने छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया। शिविर में स्काउट गाइड की चारों श्रेणियों प्रवेशिका यानी प्रथम वर्ष और कोमल पद यानी द्वितीय वर्ष तथा ध्रुव पद यानी तृतीय वर्ष एवं गुरु पद यानी चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को मार्चिंग ड्रिल और क्लैप करने के विभिन्न तरीकों के साथ ही टेंट लगाने एवं प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी दी गई। शिविर के दूसरे दिन का विशेष आकर्षण विभिन्न राज्यों की संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर आधारित टोली गतिविधियां रहीं। छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग राज्यों के नाम से टोलियां बनाईं और अपनी टोलियों का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर रखा। बच्चों ने संबंधित राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर वहां के प्रमुख पकवान तैयार किए। इसके साथ ही अपनी-अपनी टोलियों के टेंट को भी संबंधित राज्य की संस्कृति के अनुरूप आकर्षक रूप दिया। छात्र-छात्राओं ने इस गतिविधि में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता और सांस्कृतिक समझ का परिचय दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी टोलियों के मुखियाओं को पुरस्कृत किया गया। वहीं हिंदुस्तान स्काउट गाइड की ओर से विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. रेखा उनियाल को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। अंत में प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल ने सभी छात्र-छात्राओं को भविष्य में भी स्काउट गाइड के अनुशासन और नियमों का पालन करने तथा इससे जुड़ी सकारात्मक बातों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
