Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आईआईए रुड़की चैप्टर की ओर से 4 नवंबर 2026 को भगवानपुर क्षेत्र स्थित एक होटल में एमएसएमई औद्योगिक सम्मेलन–2026 का सफल आयोजन किया गया। सम्मेलन में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भारत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में स्थानीय और प्रदेश स्तर के सैकड़ों उद्यमियों तथा औद्योगिक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया और अपनी समस्याओं एवं सुझावों से मंत्री को अवगत कराया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सरकार और औद्योगिक जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी संवाद कायम करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम की बदहाल स्थिति और सड़कों की खराब हालत की समस्या मंत्री एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने रखी। उद्यमियों ने बताया कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने और सड़कों की खराब स्थिति के कारण औद्योगिक इकाइयों के संचालन तथा माल के आवागमन के साथ ही दैनिक औद्योगिक गतिविधियों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने तथा औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण और बुनियादी सुविधाओं में सुधार को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कैबिनेट मंत्री भारत सिंह चौधरी ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम और सड़कों की स्थिति सहित अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के विकास और उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अनुपम द्विवेदी तथा जिला विकास अधिकारी के.के. पंत और जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक उत्तम तिवारी उपस्थित रहे। इनके अलावा सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी राजेंद्र सिंह और सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक कमल कपाड़िया भी मौजूद रहे। सीडा से अनुभव सिंह तथा रुड़की के पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पंत और जिला पंचायत विभाग के अवर अभियंता संजय सिंह सहित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी सम्मेलन में प्रतिभाग किया। सम्मेलन के दौरान मंत्री भारत सिंह चौधरी ने उद्यमियों के साथ सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा सुझावों पर विचार-विमर्श किया। आईआईए रुड़की चैप्टर की इस पहल को सरकार और उद्योग जगत के बीच संवाद एवं समन्वय मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आईआईए रुड़की चैप्टर की टीम ने मुख्य अतिथि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और औद्योगिक प्रतिनिधियों एवं उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आईआईए के प्रदेश अध्यक्ष तरुण गोयल तथा प्रदेश जनसंपर्क प्रमुख अजय जैन और चैप्टर अध्यक्ष राजेश सिंह एवं सचिव दीपमणि मिश्रा उपस्थित रहे। इनके साथ उपाध्यक्ष अमित गोयल तथा चैप्टर जनसंपर्क प्रमुख अतुल शर्मा और बोर्ड सदस्य प्रशांत पुंडीर तथा बृजेश पांडेय एवं विकास गोयल और नौशाद अली तथा अकील एवं आर्चित अरोड़ा और सुंदरम तथा संदीप राघव एवं संदीप सैनी और मानव तथा वीनू गोयल एवं अमित गाबा और राहुल सैनी तथा अनुज राणा एवं अरुण आर्य और शगल तथा हर्ष गुप्ता सहित अन्य सदस्य और औद्योगिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *