Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।आगामी 23 नवंबर से श्रीनगर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को नगर निगम सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा तथा सुरक्षा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। कैबिनेट मंत्री ने पुलिस विभाग को मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को मेला स्थल और बाजार क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा जल संस्थान को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगर निगम को मेला स्थल और बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई तथा कूड़ा निस्तारण और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को मेले में अपने-अपने विभागीय स्टॉल स्थापित करने को कहा ताकि इनके माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं और सेवाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। कैबिनेट मंत्री ने खड़े दीये जलाने के दिन संबंधित स्थल पर अलाव की व्यवस्था करने और वहां एक अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मंदिर की पुताई समय से पूरी कराने और भंडारे की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने को कहा। इसके साथ ही स्नान स्थल पर आवश्यक सुधारीकरण कार्य कराने तथा फिसलन रोकने के लिए उचित इंतजाम करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से स्नान कर सकें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और स्वास्थ्य टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। वहीं वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन में किसी भी स्तर पर व्यवस्थाओं की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी विभाग अपनी तैयारियों की नियमित समीक्षा करें। बैठक में नगर निगम की महापौर आरती भंडारी और उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस तपेश कुमार और एसडीओ वन आयशा बिष्ट तथा तहसीलदार दीपक भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *