Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पीएमश्री राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज गौचर में आयोजित पांच दिवसीय विशेष वृहद राज्य स्तरीय दिव्यांग सहायता शिविर का बुधवार को समापन हो गया। 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित इस शिविर में छह जनपदों के 341 दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों से किसी को चलने-फिरने का सहारा मिला तो किसी के दैनिक जीवन के कार्य आसान हुए। वहीं कई दिव्यांगजनों को सुनने और समाज से अधिक सहजता के साथ जुड़ने का अवसर मिला। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति शाखा जयपुर राजस्थान एवं मालवीय नगर जयपुर यानी जयपुर फुट के सहयोग से इस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चमोली और पौड़ी तथा रुद्रप्रयाग एवं अल्मोड़ा तथा टिहरी और बागेश्वर जनपदों के दिव्यांगजनों को उनकी व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि जिलाधिकारी गौरव कुमार की विशेष पहल पर आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों की व्यक्तिगत जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए उपकरण वितरित किए गए। शिविर में 53 दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर और 8 को कृत्रिम हाथ तथा 111 को कान की मशीन एवं 41 को व्हीलचेयर और 23 को बैसाखी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अन्य लाभार्थियों को छड़ी और कैलिपर तथा वॉकर एवं ईसीआर सहित कुल 341 दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से चमोली जनपद के 271 और पौड़ी के 8 तथा रुद्रप्रयाग के 24 एवं टिहरी के 2 और बागेश्वर के 22 तथा अल्मोड़ा के 2 दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक व्यक्ति को गरिमापूर्ण जीवन जीने और अपनी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। ऐसे सहायता शिविर दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए जयपुर फुट की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए भी विशेष प्रयास किए गए। इसके अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास और पशुपालन तथा कृषि एवं स्वास्थ्य और सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से दिव्यांगजनों एवं अन्य प्रतिभागियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। समापन समारोह में जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली जयपुर फुट की टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में टीम लीडर अनुज लोधी के साथ मोतीलाल और मनोज तथा गजेन्द्र एवं मुकेश और मोहम्मद खालिद तथा रोहित एवं विशाल शामिल रहे। इस अवसर पर गैरसैंण निवासी सोबन सिंह और नंदानगर निवासी माधो सिंह एवं पुष्कर सिंह को कृत्रिम पैर प्रदान किए गए। वहीं रुद्रप्रयाग निवासी संजय सिंह को कृत्रिम हाथ तथा रेखा देवी और दीपा देवी को कान की मशीन एवं पुष्कर राम और ममता देवी को व्हीलचेयर प्रदान की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल और जयपुर फुट के कोऑर्डिनेटर चंद्रशेखर भंसाली तथा राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य बृजमोहन नेगी एवं गणेश मिश्रा और मंच संचालक मनोज तिवारी तथा प्रधानाचार्य केएस बिष्ट एवं हेम मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *