प्रदीप कुमार
ऋषिकेश/टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के अधीन भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग द्वारा आयोजित द्वितीय राफ्टिंग कोर्स के प्रतिभागियों ने गंगा स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कोर्स के प्रतिभागियों ने बागवान और देवप्रयाग स्थित व्यास घाट सहित मुनि की रेती के विभिन्न घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान घाटों पर फैले कचरे को एकत्रित किया गया और वाहनों के माध्यम से ऋषिकेश लाया गया। संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा एसएम वीएसएम एमआईडी के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। कर्नल थापा ने सभी प्रतिभागियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अभियान के अंतर्गत प्रतिभागियों ने व्यास घाट से गंगा में राफ्टिंग करते हुए स्वच्छता का संदेश भी दिया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना था कि गंगा के घाटों को स्वच्छ रखना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक प्रवीण सिंह रांगड़ के साथ प्रशिक्षक मनीष रावत और अक्षय रावत तथा मनीष सिंह राणा एवं मनोहर लाल केवट और प्रियांशु आर्य तथा अबरार सहित द्वितीय राफ्टिंग कोर्स के सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।
