प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 16 से 20 नवंबर 2026 तक मशरूम तकनीक पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय मशरूम तकनीक के अंतर्गत खेती और स्पॉन उत्पादन तथा मूल्य संवर्धन एवं टिकाऊ आजीविका के लिए कृषि उद्यमिता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों और मशरूम की खेती तथा स्पॉन यानी बीज उत्पादन एवं मशरूम उत्पादों के मूल्य संवर्धन की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही कृषि उद्यमिता को प्रोत्साहित कर स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन को एक सफल उद्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे इसके जरिए स्थायी आजीविका के साधन विकसित कर सकें। ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संस्थानों और विभागों तथा विभिन्न नेटवर्क के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी साझा करने की अपील की है।
