Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। हिमालय की दिव्य एवं सुरम्य वादियों में स्थित ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम में मौसम साफ रहने के साथ ही बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। वर्ष 2026 की श्री केदारनाथ धाम यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है लेकिन यात्रा के अंतिम चरण में भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है। देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं और स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। धाम में मौसम साफ रहने से श्रद्धालुओं को दर्शन के साथ ही हिमालय की बर्फ से आच्छादित चोटियों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेने का अवसर मिल रहा है। मंदिर परिसर में बाबा केदारनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। कठिन पहाड़ी रास्तों और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। श्रद्धालु पैदल मार्ग के साथ घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी तथा हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं। यात्रा के अंतिम दिनों में भी धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है। आगामी 11 नवंबर 2026 को बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। यात्रा समाप्त होने में अब मात्र आठ दिन शेष रह गए हैं। इस वर्ष अब तक कुल 18 लाख 91 हजार 500 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की यह संख्या बाबा केदारनाथ के प्रति देश-विदेश के भक्तों की अटूट आस्था और श्रद्धा को दर्शाती है। केदारनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने और खानपान के साथ स्वच्छ पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया गया है। वहीं रुद्रप्रयाग पुलिस स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रा मार्ग और धाम में सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण के साथ श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। पुलिस बल पूरी तत्परता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है ताकि देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से बाबा केदारनाथ के दर्शन कर सकें। रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि धाम में लगातार बढ़ती ठंड और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े तथा आवश्यक दवाइयां और अन्य जरूरी सामग्री अपने साथ रखें। यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और अपनी शारीरिक क्षमता एवं मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें। पैदल मार्ग पर सतर्कता बरतें तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *