प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पौड़ी पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की। 3 नवंबर 2026 को जनपद के समस्त कोतवाली एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में वाहनों की चेकिंग की। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल चार वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें कोतवाली कोटद्वार क्षेत्र के तीन और कोतवाली पौड़ी क्षेत्र का एक वाहन चालक शामिल है। पुलिस ने चारों चालकों के वाहनों को सीज कर दिया तथा उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की गई। इसके अतिरिक्त कोटद्वार में एक नाबालिग द्वारा दोपहिया वाहन चलाने का मामला सामने आने पर संबंधित वाहन को सीज किया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 90 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। पौड़ी पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
