Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी डॉ.दीपक सैनी ने बुधवार 18 नवंबर 2026 को आधिकारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने शासन की ओर से सौंपी गई नई जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त किया और जनपद के विकास को लेकर अपनी पांच प्रमुख प्राथमिकताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। मीडिया से बातचीत में डॉ. सैनी ने कहा कि वह उत्तराखंड शासन के आभारी हैं कि उन्हें मुख्य विकास अधिकारी देहरादून के रूप में कार्य करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना होगी। अपने आगामी कार्यकाल के लिए उन्होंने पांच सूत्रीय प्राथमिकताएं निर्धारित की हैं। पहली प्राथमिकता ग्रामीण विकास एवं आजीविका संवर्धन है जिसके अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने के साथ स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जाएगा। दूसरी प्राथमिकता विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता है। इसके अंतर्गत सभी निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी तथा कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर रहेगा। तीसरी प्राथमिकता शिक्षा स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। इसके तहत ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधारने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के साथ पेयजल स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। चौथी प्राथमिकता जनभागीदारी और जवाबदेही है। इसके अंतर्गत आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए नियमित क्षेत्रीय भ्रमण किया जाएगा और ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रभावी समीक्षा की जाएगी। पांचवीं प्राथमिकता सतत एवं समावेशी विकास है। इसके लिए देहरादून के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों की विशिष्ट भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण के प्रति संवेदनशील विकास तथा आपदा सुरक्षा और स्थानीय रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि विकास का सकारात्मक प्रभाव आम नागरिक के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई दे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के साथ मिलकर टीम भावना और पूरी पारदर्शिता के साथ परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाते हुए देहरादून जनपद को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *